हमीरपुर। चौकीदार के शव को मुख्यालय के तहसील तिराहे के पास रखकर जाम लगाने, हंगामा करने व पुलिस से हाथापाई करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस नेता समेत पांच नामजद व 50 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, हाथापाई करने, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने व 7 क्रिमिनल एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में ललपुरा के एक एसआई और दो सिपाहियों का रविवार की रात जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
ललपुरा थानाक्षेत्र के परसनी गांव निवासी चौकीदार चांद खां का शनिवार को ललपुरा थाने से कुछ दूरी पर संदिग्ध हालात में शव मिला था। घटना की सूचना मिलने पर शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे परिजन, नाते रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचे थे। जहां परिजनों ने शव को पुलिस के कब्जे से छीनकर स्ट्रेचर पर रख तहसील तिराहे के पास जाम लगा दिया था। साथ ही पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।
कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश वाजपेई ने दी तहरीर में बताया कि ललपुरा थाने के एसआई राहुल मिश्रा, सिपाही दिलीप कुमार यादव व अन्य कर्मी शव को जिला अस्पताल के शवगृह रख रहे थे, तभी 40 से 50 लोगों की भीड़ आई और शव को पुलिस के कब्जे से छीनकर ले गई। इसके बाद तहसील तिराहे में जाम लगा प्रदर्शन किया।
कहा कि जब पुलिस ने विरोध किया तो भीड़ ने पुलिस कर्मियों के साथ गालीगलौज कर हाथापाई की। पुलिस ने कांग्रेस नेता बृजेश बादल बुंदेलखंडी के साथ चौकीदार के परिजन गुलाम हुसैन, वसीम, बबलू, मुन्ना व 50 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दर्ज मुकदमे में वादी भी हैं आरोपी
चौकीदार की हुई संदिग्ध हालत में मौत के मामले में चौकीदार के पुत्र बबलू की तहरीर पर रविवार को कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की ओर से हंगामा व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की धाराओं में दर्ज मुकदमे में बबलू, उसके फूफा का लड़का वसीम व रिश्तेदार गुलाम हुुसैन भी शामिल हैं।
कांग्रेस नेता सहित पांच नामजद और 50 अन्य के खिलाफ मुकदमा
तहसील तिराहे पर चौकीदार का शव रखकर जाम लगाने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो