लालानगर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कठौता-दानूपुर मार्ग पर सोमवार को बाइक और टाटा सूमो में आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार अजय पांडेय (42) निवासी सीखापुर की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। भागने के चक्कर में सूमो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
सोमवार की दोपहर में सीखापुर निवासी अजय पांडेय बाइक से गोपीगंज की ओर आ रहा था। उसी दौरान दानूपुर की ओर जा रही सूमो ने टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। शोरगुल सुनने के बाद पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल बाइक सवार को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर सूमो सवार भी आंशिक रूप से घायल हो गए लेकिन डरवश वह सूमो को छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने सूमो को कब्जे में ले लिया है। मृतक छह भाईयों में सबसे छोटा था और उसको एक पुत्री और एक पुत्र है।