राठ। कस्बा खेड़ा के पास अवैध मौरंग खनन को लेकर राजस्व और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई में दस लोगों को नामजद किया है। प्रशासन ने 65 ट्राली मौरंग भी जब्त की है। कस्बा खेड़ा गांव के बाहर नदी की तलहटी पर कई महीनों से मौरंग का अवैध खनन चल रहा था।
यहां से मौरंग निकालकर एक किमी दूर नवीन स्वास्थ्य केंद्र के बगल में डंप किया जा रहा था। शनिवार को एसडीएम और सीओ ने छापा मारा। मगर मौके पर कोई नहीं मिला। लेखपालों ने मौरंग खनन की जानकारी की तो पाया कस्बा खेड़ा निवासी अमरचंद्र ढीमर, मकुंदी, दसैया, खेमचंद्र, मुरलीधर और धर्मपाल के खेतों से मौरंग का अवैध खनन हुआ है।
रविवार शाम लेखपालों ने इसकी रिपोर्ट एसडीएम को दी। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। सीओ अभिषेक यादव ने आरोपियों के नाम बताने से इंकार कर दिया।