सरीला। जलालपुर में हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर दो समुदाय के लोग भिड़ गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले, लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया। मारपीट में आठ महिलाएं घायल हुईं। एक महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गांव में तनाव देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है। एसडीएम व सीओ ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली है।
जलालपुर गांव में श्यामकरन यादव के मकान के पास लगे सरकारी हैंडपंप पर मोहल्ले की मुस्लिम समुदाय की महिलाएं पानी भर रही थी। तभी श्यामकरन की मां भगवती पानी भरने पहुंची। पहले पानी भरने को लेकर महिलाओं में विवाद हो गया।
श्यामकरन के अनुसार वह सोमवार सुबह घर पर सो रहा था। तभी गांव के जाकिर, सद्दाम, राजू, अनीस, शहीद, निजाम, वकील, वहीद, फजल शाह, शहीद, शाह आलम, सद्दाब, नसीम, अब्दुल, बलुवा, गुड्डाें, ताहिरा सहित तीस महिलाओं व पुरुषों ने लाइसेंसी हथियार, लाठी, डंडा, फरसा व कुल्हाड़ी आदि लेकर उसके घर पर हमला बोल दिया।
उसकी पत्नी उमा (30), मां भगवती (62), दादी फूलारानी (93) व बहन माया (18), मीरा (15), भांजी रानी (16), प्रीती (17) के साथ मारपीट की। साथ ही सामान व जेवर लूट ले गए। उन्होंने कहा कि दूसरे समुदाय की महिलाएं इस हैंडपंप पर पानी भरने नहीं आती हैं।
जानबूझकर लड़ने के इरादे से वह यहां आई थी। आरोप लगाया कि करीब दो माह पहले गांव में एक धार्मिक स्थल का अवैध निर्माण हो रहा था। विरोध कर उसका काम रुकवा दिया था। उसी खुन्नस में उस पर हमला बोला गया है।
उधर, दूसरे पक्ष के वकील अहमद ने बताया कि उसकी पत्नी रहीसा (24) मोहल्ले में लगा हैंडपंप खराब हो जाने के कारण श्यामकरन के मकान के पास पानी भर रही थी। तभी श्यामकरन की महिलाओं ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों पक्षाें की घायल महिलाओं को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जहां रहीसा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। गांव में तनाव का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर जरिया, जलालपुर, राठ थानों का पुलिस बल गांव में तैनात है। सीओ राठ अभिषेक यादव व एसडीएम सरीला वीर बहादुर ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली है। एसओ मुबीन खान का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जलालपुर क्षेत्र की घटना, लोगों ने लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया
अमर उजाला ब्यूरो