मौदहा। कोतवाली क्षेत्र के उरदना गांव में बुधवार रात एक युवक ने शराब पीने के बाद अपने कमरे में सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से घर में कोहराम मच गया।
उरदना गांव निवासी मोतीलाल अहिरवार के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विकलांग है और छोटा बेटा जितेंद्र काफी समय से बीमार चल रहा था। वह मजदूरी कर अपना परिवार चला रहे थे और बेटे के इलाज के लिए पैसे नहीं जुटा पाए। आयुष्मान योजना का भी उसे लाभ नहीं मिल सका। ग्राम प्रधान बीडी पाल ने एक माह पूर्व आर्थिक मदद की थी। जिससे कानपुर में उसका इलाज कराया गया था।
उसके पेट व सीने में संक्रमण था। जिसके दर्द से वह परेशान था। पिता ने बताया कि इसी परेशानी के चलते बेटा शराब का आदी हो गया था। बुधवार की रात करीब 11 बजे उसने अपने कमरे में तमंचे से गोली मार आत्महत्या कर ली।
मां जगदइया ने बताया उसे शराब पीने की आदत गांव के दो युवकों ने डाली थी। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया जांच में आया है कि चारपाई पर लेटकर उसने गोली मारी है। गोली जमीन में जा धंसी थी। जमीन खोदकर कारतूस बरामद किया गया।
युवक पेट व सीने में संक्रमण की बीमारी से परेशान रहता था
अमर उजाला ब्यूरो