लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका चचेरा भाई जख्मी हो गया। उधर, सिधौली इलाके में वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक अन्य युवक की मौत हो गई।
लहरपुर इलाके के बसंतीपुर गांव निवासी अंकित (20) पुत्र राम बालक चचेरे भाई विशाल (20) पुत्र संतोष के साथ बाइक से जा रहा था। जब यह्य लोग लहरपुर में सूरज कुंड के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनको सीएचसी लहरपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। विशाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अटरिया थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी नंद किशोर (32) पुत्र सुकई बुधवार को महमूदाबाद थाना क्षेत्र के राघवापुर गांव में तिलक समारोह में शामिल होने गया था। वहां से वह वापस घर जा रहा था।
इसी बीच सिधौली महमूदाबाद मार्ग पर मुंडेरवा गांव के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार नंद किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वाहन की टक्कर से बालक की मौत
मछरेहटा (सीतापुर)। एक अज्ञात वाहन बालक को टक्कर मार निकल गया। हादसे में जख्मी बालक की सीएचसी में मौत हो गई। बताते हैं कि थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी अंकुश (14) पुत्र विनोद गांव के पास ही गुजर रहा था।
तभी उसे एक अज्ञात वाहन टक्कर मार कर निकल गया। हादसे में बालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसको फौरन सीएचसी मछरेहटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।