हमीरपुर। निर्माण कार्यों में अनियमितता के मामले में डीएम ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए हैं। साथ ही प्रधान, सचिव, अवर अभियंता व तकनीकी सहायक के खिलाफ तीन लाख 75 हजार रुपये की रिकवरी के आदेश भी दिए हैं।
जिला पंचायतराज अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया मौदहा विकासखंड के खंडेह ग्राम पंचायत में हरिशंकर के मकान से बाजार तक सीसी रोड का निर्माण व एक पुलिया की मरम्मत भी कराई गई थी।
वहीं गांव में बाला तालाब की खुदाई का कार्य भी ग्राम पंचायत ने कराया था। इन कार्यों में वित्तीय अनियमितता का मामला प्रकाश में आने के बाद डीएम ने जिला विकास अधिकारी के नेतृत्व में अभियंता जलनिगम व सहायक अभियंता लोनिवि आदि अधिकारियों की टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए थे।
जांच में ग्राम पंचायत में सीसी रोड के निर्माण में दो लाख 45 हजार 485 रुपये की अनियमितता पाई गई, वहीं पुलिया की मरम्मत के कार्य में 59 हजार 790 व तालाब खुदाई के कार्य में 70 हजार 203 रुपये की अनियमितता उजागर हुई। जांच टीम ने 3 लाख 75 हजार 478 रुपये की अनियमितता की रिपोर्ट तैयार की थी।
जिस पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान पुष्पलता के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारी सीज कर दिए। साथ ही ग्राम प्रधान, सचिव वीर सिंह, अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा आशीष कुमार व तकनीकी सहायक संत भवन से तीन लाख 75 हजार 478 रुपये की धनराशि वसूलने के आदेश दिए हैं।
डीपीआरओ ने बताया ग्राम पंचायत में तीन सदस्यीय समिति गठित कर सदस्य राजकुमारी, छोटेलाल व राजेश कुमार को नामित किया है।
निर्माण कार्यों में अनियमितता पर सचिव, जेई, तकनीकी सहायक व प्रधान से वसूले जाएंगे पौने चार लाख
अमर उजाला ब्यूरो