मुस्करा। सिवनी गांव में 20 दिन पहले जिला जालौन से आई बरात में आए किशोर की गला दबाकर हत्या की गई थी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को पेड़ से लटकाया गया था। हत्या उसके मौसेरे भाई ने की थी और शव को पेड़ पर लटकाने में उसके मौसा ने मदद किया था। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सिवनी गांव में 26 अप्रैल को शिवपाल पाल की बेटी की शादी थी। जालौन के सधारा गांव के रामजी पाल के लड़के प्रेम नारायण की बरात आई थी। जिसमें रविकांत पाल (14) पुत्र सुघर सिंह भी आया था। रविकांत रात में जनवासे से गायब हो गया था। जिसका शव 29 अप्रैल को शिवनी गांव के पास कृपाल के डेरा के सामने सड़क से करीब 100 मीटर दूर शीशम के पेड़ पर लटकता मिला था।
इस मामले में मृतक के चाचा पवन कुमार ने भतीजे की हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। एएसपी की देखरेख में सीओ राठ के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने घटना का खुलासा किया है। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि रविकांत की हत्या में उसके मौसेरे भाई रोहित पाल व मौसा पप्पू पाल पुत्र रामस्वरूप को गिरफ्तार किया गया। रोहित ने पूछताछ में बताया 26 अप्रैल को शादी में रात करीब दो बजे वह जनवासे गया तो वहां पर उसकी मौसी का लड़का रविकांत आपत्तिजनक अवस्था में मिला। उसे बुरा लगा और रविकांत को बहलाकर अपने साथ जनवासे से दूर जंगल की तरफ ले गया।
जहां रविकांत से उसका झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर उसने उसकी गला कसकर हत्या कर दी। उसके मर जाने के बाद डर गया। फिर वह शादी वाले कार्यक्रम में पहुंचा और अपने पिता पप्पू पाल को बुलाकर पूरी घटना के बारे में बताया। इस पर वह सहम गए उनके कहने पर बरात से एक बाइक मांगकर पिता के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। दोनों ने रविकांत का शव उठाकर थोड़ी दूर ले जाकर जंगल में शीशम के पेड़ से टांग दिया। इसके बाद दोनों शादी में शामिल हो गए। एसपी हेमराज मीना ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जालौन से 20 दिन पहले आई बरात में किशोर का गला दबाकर शव फंदे पर लटकाया था
अमर उजाला ब्यूरो