राठ। थानाक्षेत्र के धमना गांव में चोरों ने एक घर से 97 हजार रुपये व जेवर चोरी कर ले गए। वहीं नगर के सिकंदरपुरा में चोरों ने आठ हजार रुपये व जेवर पार किया। चोरी की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धमना गांव निवासी उपदेश कुमार ने बताया खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार रात अपने मकान में सो रहे थे। दूसरे मकान में उनके पिता नृपत सिंह व मां आंगन में सो रहीं थीं। रात करीब दो बजे चोर दीवार फांद कर पिता के घर में घुस गए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे जेवर चोरी कर ले गए। चोर अनाज की बोरी में छिपा कर रखे 97 हजार रुपये ले गए हैं। उन्होंने बताया उक्त रुपये मटर व भैंस बेचने पर मिले थे। जो बीमार मां के इलाज के लिए घर में रखे थे। सुबह बक्से का बिखरा सामान देख चोरी की जानकारी मिली।
पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं धमना गांव निवासी सत्यम सिंह ने बताया नगर के सिकंदरपुरा दातागढ़ी के पास किराए के मकान में अपनी पत्नी रेशमा के साथ रहते हैं। मकान में ही किराने की छोटी सी दुकान से अपना भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार रात वह गांव चले गए थे। घर पर पत्नी एक कमरे में सो रहीं थीं। तभी चोरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी से जेवर व आठ हजार रुपये चोरी कर ले गए। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा मामले की जांच की जा रही है।