मौदहा (हमीरपुर)। छिमौली मार्ग स्थित कांशीराम कालोनी में मंगलवार को वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौधराना मोहल्ले के मूल निवासी अब्दुल खालिक (65) को छिमौली रोड स्थित कांशीराम कालोनी के ब्लाक नंबर 17 में 203 नंबर आवास मिला था। कई दिनों से वह परेशान थे। मंगलवार दोपहर 12 बजे वह कमरे के अंदर चले गए। काफी देर तक दरवाजा न खोलने पर उनके परिजनों व मोहल्ले के लोगों ने बुलाया। लेकिन दरवाजा नहीं खोला।
यूपी 112 व कोतवाली में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा फंदे से शव लटक रहा था। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पत्नी, बेटा व बेटियां रो रोकर बेसुध हैं। परिजन आत्महत्या का सही कारण नहीं बता रहे हैं। वहीं पड़ोसियों ने बताया वह किसी तनाव में थे। कोतवाली प्रभारी ऋषिदेव ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)