मुस्करा (हमीरपुर)। क्षेत्र के पहाड़ी भिटारी गांव में महिला ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के माता-पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहाड़ी भिटारी गांव में रविवार रात आरती राजपूत (34) ने घर के पास बगिया में अमरूद के पेड़ पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। परिजनों को जानकारी होने पर मृतका के पति मुकेश ने थाने में सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे दरोगा सतीश शुक्ला ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम भेजा। वहीं सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के राठ के सैदपुर गांव निवासी मृतका के माता-पिता ने कहा उनकी पुत्री आत्महत्या नहीं कर सकती।
पिता रामपाल ने बताया 26 मई 2009 को बेटी की शादी की थी। शादी के बाद से ससुराली 50 हजार रुपये की मांग करते थे। कहा उनका दामाद मुकेश आए दिन शराब पीकर उनकी पुत्री के साथ झगड़ा करता था। इसकी कई बार पुलिस से भी शिकायत कर चुके हैं। इसी के चलते दामाद ने बेटी की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया है। इस मामले में थाना प्रभारी उमापति मिश्रा का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से मृतका के परिजन बेहाल हैं।