राठ। सूदखोरों के जाल में फंसकर युवक ने ब्याज चुकता करने के लिए कार व स्कूटी तक बेच दी थी। जिसके बावजूद उधार देने वालों का दबाव बढ़ने पर 16 जनवरी को आत्महत्या कर ली थी। मृतक की मां ने कोतवाली में तहरीर दी है।
नगर के भटियाना मोहल्ला निवासी सरला नगायच ने बताया कि उनके बड़े पुत्र आकाश नगायच ने 16 जनवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक पुत्र कुछ दिनों से तनाव में था। पूछने पर परिजनों को बताया कि कुछ आपराधिक तत्वों का पैसा देना है। प्रतिदिन ब्याज चलता है जिसे चुकाने के लिए स्कूटी व कार तक बेच चुका था। दबंग फोन पर व घर के चक्कर लगाते हुए एक-दो दिन में रकम चुकता करने का दबाव बना रहे थे। रकम चुकता न करने पर घर में कब्जा करने की धमकी दे रहे थे। सूदखोरों के आतंक से आहत होकर उनके पुत्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया कि आकाश परिवार का एकमात्र सहारा था। अपने पीछे पत्नी व दो मासूम बेटियों को बिलखता छोड़ गया।
कोतवाली में तहरीर देते हुए सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले में जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।