मुस्करा। कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार की रात किराना व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी व सामान उठा ले गए। दुकानदार ने वारदात की सूचना पुलिस को दे दी है।
कस्बा निवासी किराना व्यापारी विपिन गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान मस्जिद के पास हमीरपुर मेन रोड पर है। गुरुवार रात दुकान को बंदकर वह ऊपर बने मकान में सोने चले गए। सुबह देखा तो दुकान की गैलरी का दरवाजा बाहर से बंद था। छत पर जाकर बगल वालों को बुलाकर गैलरी का दरवाजा खुलवाया। बाहर आकर देखा तो नीचे दुकान के ताले टूटे मिले।
दुकान के अंदर गोलक से करीब 50 हजार की नगदी सहित सामान भी चोर चुरा ले गए थे। चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा था। बताया कि कोतवाली में सूचना दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राठ अभय नारायण राय पहुंचे। जिन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए दुकानदार से पूछताछ की। पुलिस ने दुकान के अंदर लगे चार सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। जिसमें दुकान का ताला तोड़ने वाले चोर की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने पास सुरक्षित रख चोर की तलाश शुरू कर दी है। चोरी की घटना से कस्बे में दहशत का माहौल है।