राठ। दिवाली त्योहार पर मंदिर जा रहे ठेकेदार व उसके भतीजे पर एक प्राइवेट शिक्षक ने फायर झोंक दिया। जिसमें छर्रे लगने से चाचा-भतीजे घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लिया है।
राठ कस्बे के सिकंदरपुरा निवासी आदेश कुमार खेवरिया (47) ने बताया कि रविवार शाम दिवाली त्योहार पर बाइक से चौपरा मंदिर जा रहा था। उसका भतीजा प्रज्जवल (25) पुत्र रमेश कुमार खेवरिया साथ में था। रास्ते में प्राइवेट शिक्षक धर्मपाल सविता अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक लिए खड़ा था।
आरोप है कि शराब के नशे में शिक्षक ने उसके साथ गालीगलौज की। विरोध करने पर लाइसेंसी बंदूक से फायर झोंक दिया। जिसमें आदेश के दाहिने हाथ, पैर व पेट में, जबकि प्रज्जवल के पेट व पैर में छर्रे जा धंसे। गोली की आवाज सुन उसके परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से डॉक्टर आलोक ने दोनों को मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी से उपचार कराकर लौटे आदेश कुमार खेवरिया ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। ब्यूरो