राठ। दो पक्षों के बीच विवाद में बीच बचाव कर रहे स्वर्णकार समाज के पूर्व अध्यक्ष के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता कर दी।आक्रोशित करीब एक सैकड़ा लोगों ने कोतवाली पहुंच कार्रवाई की मांग की। आरोपी पक्ष द्वारा गलती मनाने पर मामला शांत हुआ।
नगर के सराफा बाजार में वीरेंद्र कुमार सोनी, निर्मल कुमार, बबलू व मंगल के बीच किसी बात पर विवाद हो रहा था। शोरगुल सुनकर अपनी दुकान पर बैठे स्वर्णकार समाज के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सोनी उर्फ दाऊ बाहर निकल आए। समाज के होने के नाते उन्होंने बीच बचाव कर झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि बीच बचाव करने पर विवाद कर रहे तीन भाई भड़क गए। उन्होंने बृजभूषण सोनी के साथ गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि स्वर्णकार समाज के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पूर्व अध्यक्ष से बदसलूकी की जानकारी की सूचना पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। बाजार से सीधे कोतवाली पहुंचे करीब एक सैकड़ा लोगों ने तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि उक्त लोगों द्वारा आए दिन विवाद किया जाता है। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि लोग तहरीर देने आए थे। किन्तु अभी किसी भी प्रकार की कार्रवाई से मना करते हुए चले गए हैं। वहीं स्वर्णकार समाज के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सोनी ने कहा कि आरोपी पक्ष ने अपनी गलती मानते हुए पूरे समाज से माफी मांग ली है।