राठ। पिछले सोमवार को घर से झांसी गए प्रेमी युगल ने जहर खा लिया था। गंभीर हालत में दोनों को झांसी से ग्वालियर ले जाया गया। जहां मंगलवार को प्रेमिका और देर रात प्रेमी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
नगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया की उनकी नाबालिग पुत्री को लुधियातपुरा मोहल्ला निवासी आरिफ प्रेमजाल में फंसाकर सोमवार की रात बहला फुसलाकर ले गया था। घटना के बाद मंगलवार को किशोरी के पिता ने कोतवाली में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रेमी प्रेमिका मंगलवार को झांसी पहुंचे और बस स्टैंड के निकट दोनों ने जहर खा लिया। भीड़भाड़ वाले स्थान में उनकी हालत बिगड़ने पर राहगीरों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन मंगलवार की रात करीब नौ बजे प्रेमिका की मौत हो गई और आधी रात के बाद इलाज के दौरान प्रेमी ने भी दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार दोनों का पिछले तीन महीने से प्रेम संबंध था। प्रेमी का प्रेमिका के घर आना जाना भी होने लगा था। घटना के बाद दोनों के परिजनों में कोहराम मचा है। देर शाम तक दोनों मृतकों के शव घर नहीं पहुंचे थे।