हमीरपुर। शातिर इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने के बाद मामले को छिपाए रखने और आरोपी से किसी किस्म की बरामदगी न करने के मामले में पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित ने मझगवां इंस्पेक्टर मिथलेश कुमार को निलंबित कर दिया। शुक्रवार को इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप है।
एसपी ने बताया कि पिछले 7 अगस्त को कुछैछा पौधशाला के पास शिल्पी पत्नी गुमान सिंह ग्राम नथूपुरा थाना कोतवाली महोबा के साथ लूट की घटना हुई थी। थाना मझगवां में रिपोर्ट पंजीकृत की गई थी। घटना के खुलासे के लिए इस पर 10 हजार का इनाम घोषित कर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक मझगवां को गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। बताया कि 18 अक्तूबर को थाना मझगवां इंस्पेक्टर ने राघवेंद्र निवासी ग्राम टोलारावत को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन इसके बारे में उच्चाधिकारियों को कोई सूचना नहीं दी। गिरफ्तार अपराधी लूटपाट सहित कई संगीन वारदातों में लिप्त रहा है, इससे किसी किस्म की कोई बरामदगी भी नहीं की गई। मीडिया से भी इस गिरफ्तारी को छिपाए रखा गया। इसके चलते इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया है।