बलराम निषाद की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा (हमीरपुर)। छिमौली में गुरुवार रात चंद्रावल नदी में युवक की संदिग्ध हालात में गिरकर डूबने से मौत हो गई। पत्नी ने गांव के ही एक युवक पर पति को नदी के डैम में धक्का देकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को नदी के डैम से निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी बलराम निषाद (40) गुरुवार रात गांव के सहदेव यादव के साथ चंद्रावल नदी में चैकडेम के पास मछली का शिकार करने गया था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में बलराम चंद्रावल नदी में डूब गया। घटना की जानकारी होते ही नदी में आसपास मछली का शिकार कर रहे ग्रामीणों ने पानी में कूदकर बलराम को तलाशा, लेकिन रात अधिक होने के चलते ग्रामीणों ने कुछ देर बाद खोज करनी बंद कर दी।
वहीं इस घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही परिवार के लोग रोते बिलखते नदी के तट पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सुबह से ही चंद्रावल नदी के डैम पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से बलराम के शव की तलाश शुरू कराई। कई घंटे परिश्रम करने के बाद गोताखोरों द्वारा डाले गए जाल में शव फंसने पर उसे बाहर निकाला गया। वहीं मृतक की पत्नी बाई देवी ने सहदेव पर अपने पति को नदी के पानी में धक्का देकर डुबोकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने वहीं कुछ ग्रामीणों को हिरासत में लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि पानी में डूबे मृतक के परिजनों की आशंका पर उसी स्थान पर मछली का शिकार कर रहे कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है।