राठ। नगर के मुख्य मार्ग स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम को रविवार रात चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया। मशीन नहीं टूटने पर चोर मौके से भाग निकले। सूचना पर सीओ बैंक पहुंचे और मौका मुआयना किया।
मुख्य मार्ग पर पड़ाव चौराहे के पास सेंट्रल बैंक की शाखा स्थित है। जहां पर पुलिस पिकेट की आवाजाही रहती है। पुलिस सुरक्षा को धता बता चोरों ने बैंक के बाहर लगे एटीएम से चोरी करने का प्रयास किया। चोरों ने ऊपर से एटीएम मशीन तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। लोगों की आहट मिलते ही चोर बगैर चोरी किए ही भाग निकले। एटीएम से चोरी की जानकारी मिलते ही बैंक अधिकारी और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आननफानन में मौके पर पहुंचे बैंक अधिकारी ने उस समय राहत की सांस ली जब देखा कि चोर चोरी करने में सफल नहीं हुए।
बताया जाता है लंबे समय से एटीएम मशीन की सुरक्षा के लिए गार्ड नहीं है। गार्ड नहीं होने पर चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर सीओ अखिलेश राजन मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। बैंक मैनेजर शशिकांत ने बताया एटीएम 24 घंटे खुला रहता है। चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए बैंक इंजीनियरों को बुलाया है।
नहीं उठा सीयूजी नंबर
एटीएम में चोरी के प्रयास की घटना की जानकारी के लिए सीओ अखिलेश राजन के सीयूजी नंबर पर फोन किया गया। एक बार घंटी जाने के बाद आधा घंटे तक सीयूजी नंबर बिजी बताता रहा। दूसरे नंबर से फोन किया। जिस पर घंटी तो गई लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया।