राठ। कोतवाली क्षेत्र के बहपुर गांव में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र ने खेत में पेड़ पर रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। जब तक परिजनों को जानकारी हुई उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन आत्महत्या की वजह अवसाद बता रहे हैं। सीओ व कोतवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।
बहपुर गांव निवासी नाथूराम राजपूत ने बताया उनके पास 16 बीघा कृषि भूमि है। जिस पर वह खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। बुधवार सुबह करीब आठ बजे उनके छोटे पुत्र राघवेंद्र (19) लकड़ी लेने अपने खेत पर गए थे। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। तब पुत्र को खोजते हुए खेत पहुंचे। जहां नलकूप के पास पेड़ पर राघवेंद्र का शव लटक रहा था।
छात्र के आत्महत्या की सूचना पर सीओ अखिलेश राजन व कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता ने बताया राघवेंद्र एक महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। बड़े भाई हेमेंद्र का कहना है राघवेंद्र कुछ समय से अवसाद में था। छात्र की मौत से उनकी मां सुखवती का रो रोकर बुरा हाल है।