हमीरपुर। ललपुरा थानाक्षेत्र के स्वासा के पहले कार की टक्कर से बिना हेलमेट लगाए बाइक सवार ट्रक मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक घायल है। घायल को जिला अस्पताल के कानपुर रेफर किया गया है।
शहर के रमेड़ी मोहल्ला निवासी सर्वेश प्रजापति ने बताया उनका बड़ा भाई भोला (28) ट्रक मिस्त्री था। वह लक्ष्मीबाई तिराहे के पास दुकान किए थे, वहीं पर रहते थे। बताया भोला अविवाहित थे। शुक्रवार रात रमेड़ी निवासी सिंचाई विभाग में संविदा पर काम कर रहे राजू अपनी पत्नी और दूसरी बाइक पर पड़ोसी शिवचरन (20) आए थे। भतीजा शिवचरन उनके भाई भोला को शादी में जाने के लिए ललपुरा थानाक्षेत्र के स्वासा लिवा ले गए।
बताया भोला बाइक चलाकर गए, जबकि बाइक में पीछे शिवचरन बैठे थे। रात करीब एक बजे स्वासा के पहले किसी वाहन ने भोला की बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों लोग घायल हो गए। कुछ देर बाद भोला की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस पहुंची। शिवचरन की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
ट्रैक्टर पलटा, युवक की मौत
मौदहा। खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। फिर पलटा खाया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। गदाई मोहल्ला निवासी भोलू ट्रैक्टर से सिसोलर मार्ग पर अपने खेतों की जुताई करने गया था। उसके कुछ समय बाद उसका दोस्त शत्रुघभन (18) निवासी कुम्हरौड़ा बाइक से पहुंचा। दोपहर बाद जब चालक भोलू अपना ट्रैक्टर बंद कर खाना खाने के लिए पानी लेने गया। तभी शत्रुघभन ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर चलाना शुरू कर दिया। जिससे असंतुलित होकर ट्रैक्टर खेत के किनारे बंधी में पलट गया। इतना ही नहीं पलटने के बाद ट्रैक्टर सीधा होकर तेज गति से भागते हुए दूसरी बंधी में चढ़ गया। जिसके चलते ट्रैक्टर चला रहे शत्रुघभन की मौके पर ही मौत हो गई। शव ट्रैक्टर में फंस गया था। जिसे निकालने के लिए जेसीबी मंगानी पड़ी। मृतक के पिता बरदानी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। वह एकलौता पुत्र था।
डीसीएम ट्रक में घुसी, सात लोग घायल
भरुआसुमेरपुर। एक डीसीएम कस्बे से मौदहा की ओर जा रही थी। इस डीसीएम में राजकिशोर निवासी बीबीपुर थाना सजेती, सुशील कुमार यादव नसरतपुर थाना अकबरपुर, अमर सिंह निवासी कुसमरा थाना कुरारा, अनिल सुमेरपुर, सुदामा निवासी झलोखर कुरारा व उनका पुत्र प्रशांत व पुत्री गुड़िया बैठे थे। इंगोहटा गांव के निकट यह डीसीएम आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने लगी। तभी सामने से ट्रक आ गया। ट्रक को देखकर डीसीएम चालक ने साइड में करना चाहा। लेकिन आगे जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। जिससे इसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को डीसीएम से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। (संवाद)