भरुआसुमेरपुर। थानाक्षेत्र के मुंडेरा मार्ग पर पंधरी भौनिया गांव के बीच बिना हेलमेट लगाए बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी और भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मचा है।
पारा रैपुरा निवासी विनय प्रजापति (25) किसी कार्य से गुरुवार शाम करीब 3:30 बजे बाइक से बिना हेलमेट लगाए भौनिया जा रहे थे। तभी मुंडेरा मार्ग पर पंधरी व भौनिया के बीच किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरकर तड़पने लगे।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीएचसी भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक अविवाहित था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।