राठ। भवन निर्माण सामग्री लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली में ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे ट्राली पलटने से उसमें सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि अन्य सवार बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
मझगवां के गड़हर गांव निवासी हरीचरन ने बताया गांव में भवन निर्माण करा रहे हैं। गुरुवार को टोला खंगारन निवासी ख्यालीराम के ट्रैक्टर-ट्राली से सीमेंट, सरिया खरीदने कस्बा आए थे। दोपहर करीब एक बजे ट्रैक्टर-ट्राली पर सीमेंट व सरिया लादकर गांव जा रहे थे। ट्रैक्टर ख्यालीराम चला रहे थे, जबकि वह उनके पास बैठे थे। वहीं ट्राली पर गांव के रामकुमार निषाद (47), रोहित (18) व कुषमा (32) बैठे थे। उरई रोड नहर बाईपास के पास उरई की ओर से आ रहे ट्रक ने ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ट्राली सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में रामकुमार घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर भरत राजपूत ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। मृतक रामकुमार के नाम पर तीन बीघा कृषि भूमि है। जिस पर खेती करते थे। उनकी मौत से मां महारानी, पत्नी जयकुंवर, पुत्र भानुप्रताप (20) व विकास (9) बेहाल हैं।