भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। सिमनौड़ी गांव में मुंबई से लौटे दो और प्रवासी मजदूरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिससे गांव में डर का माहौल है। 15 मई से क्वारंटीन इन दोनों प्रवासियों को इलाज के लिए बांदा मेडिकल कालेज भेजा गया था। इसके पूर्व 15 मई को एक प्रवासी मजदूर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसका भी बांदा मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। इस युवक की गुरुवार को आई दूसरी जांच रिपोर्ट में निगेटिव है।
सिमनौड़ी में बीते सात मई को कुछ प्रवासी मजदूर मुंबई के नागपाड़ा से आए थे। खांसी व बुखार की शिकायत होने पर एक युवक पीएचसी में उपचार के लिए 11 मई को आया था। यहां पर उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया। 15 मई को उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। जिससे गांव में हड़कंप मच गया था। इसी दिन 27 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए थे।
जिसमे 15 लोगों की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई थी। शेष 12 लोगों की रिपोर्ट गुरुवार को आई, जिसमें दो युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव है। यह दोनों युवक भी मुंबई से आए थे। प्रशासन ने 15 मई से इन दोनों को भी क्वारंटीन कर रखा है।
रिपोर्ट आने पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कालेज बांदा भेजा था। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी/डिप्टी सीएमओ रामऔतार निषाद ने बताया गुरुवार को एक बार फिर 50 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया सिमनौड़ी गांव में कड़ी नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रवासी मजदूरों के संपर्क में आने वाले ग्रामीणों की सूची तैयार कराकर लगातार नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। खांसी, बुखार की समस्या होने पर ग्रामीणों को तत्काल सूचित करने के निर्देश हैं। उधर गुरुवार को और दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व एसपी श्लोक कुमार ने गांव पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने सीएमओ डॉ. आरके सचान से बचाव को लेकर उठाए जा रहे कदमों के बारे में मंत्रणा की। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ रामऔतार निषाद, थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव, ग्राम प्रधान अरुण कुमार सोनकर आदि लोग मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान ने बताया दो नए केस सामने आने से प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। मरीजों के आसपास के घरों के लोगों को बेहद अलर्ट किया गया है। अब गांव में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या तीन हो गई है।