पत्योरा गांव में झुंड में खड़े ग्रामीण।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा। महोबा जिला अस्पताल के दो कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक कर्मी क्षेत्र के अरतरा गांव का निवासी है। इसको लेकर संबंधित स्वास्थ्य कर्मी के घर सीएचसी अधीक्षक टीम लेकर पहुंचे। परिजनों से जानकारी ली और परीक्षण किया। सभी स्वस्थ मिले।
सीएचसी अधीक्षक डा. अनिल सचान ने बताया अरतरा निवासी स्वास्थ्य कर्मी का पूरा परिवार गांव अरतरा में रहता है। उनके बाबा की उम्र 85 व पिता 58 साल के हैं। जांच में सभी स्वस्थ पाए गए। उनके पिता ने बताया वह फरवरी माह में महोबा में एक शादी समारोह में गए थे।
तभी अपने स्वास्थ्य कर्मी बेटे से मिले थे। बताया इसके बाद वह गांव नहीं आया है। न ही वह लोग महोबा गए हैं। एसडीएम अजीत परेश ने बताया सबकुछ ठीक होने के बावजूद अरतरा निवासी परिवार को क्वारंटीन किया है।
45 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार
हमीरपुर। सीएमओ डा. आरके सचान ने बताया कोरोना महामारी को लेकर प्रतिदिन संदिग्ध लोगों का मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। कहा बाहरी जनपदों से आ रहे मजदूरों का सैंपल जांच के लिए भेज कर उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है। रविवार को 14 लोगों के संदिग्ध होने पर सैंपल लेकर जांच के लिए झांसी भेजा है। अब तक कुल 386 संदिग्धों के सैंपल भेजे जा चुके हैं। जिनमें 341 की रिपोर्ट निगेटिव है। सीएमओ ने कहा जनपद में अब तक एक भी पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। उन्होंने कहा बाहरी प्रांत से आने वाले छात्र व मजदूरों की जांच कर उन्हें क्वारंटीन में रखा जा रहा है।
गांवों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं
पत्योरा। जिला ग्रीन जोन में है, लेकिन कोरोना संकट टला नहीं है। लोगों को सामाजिक दूरी व मॉस्क लगाना अनिवार्य है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। गांव में दर्जन भर लोग झुंड बनाकर सड़क पर एक जगह खड़े होकर बात करते हैं।