हमीरपुर। कोरोना से बचाव के लिए शासन ने जिले को 15 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। शासन ने 5 करोड़ की धनराशि अवमुक्त कर दी है। इससेे आश्रय स्थल, स्क्रीनिंग कैंप बनाने और जरूरतमंदों को भोजन सामग्री वितरित करने के लिए जिलाधिकारी को दिए हैं।
कोरोना के संक्रमण को रोकने के दृष्टिगत श्रमिक व कामगारों की यात्रा से संक्रमण फैलने की संभावना के मद्देनजर उपयुक्त भवनों जैसे स्कूल, कालेज, होटल, हॉस्टल, धर्मशाला आदि को चिह्नित कर उसे अस्थायी स्क्रीनिंग कैंप, आश्रय स्थल में परिवर्तित करना है। साथ ही, ऐसे व्यक्तियों को उनमें रख पर्याप्त भोजन व्यवस्था, पेयजल, साफ शौचालय, प्रसाधन, परिसर की समुचित साफ-सफाई कराई जानी है। रखे गए व्यक्तियों में सोशल डिस्टेसिंग बनाए रखने व पर्याप्त चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। स्थापित किए गए अस्थायी स्क्रीनिंग कैंप/आश्रय स्थल में जिन व्यक्तियों को रखा गया है। उनके लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वह 14 दिन तक वहीं पर रुकें और उनका निरंतर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। परियोजना निदेशक चित्रसेन सिंह ने बताया कि शासन से फिलहाल पांच करोड़ की धनराशि मिल गई है। इससे जिले में संचालित 59 आश्रय स्थलों में रह रहे 1045 लोगों को खाने पीने का इंतजाम किया जाएगा।