भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। नियमित वेतन भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर सहकारी समिति के कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से समितियों में ताले लटक गए हैं। इससे रबी फसलों की बोआई के लिए किसान परेशान हैं। समितियों से खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ब्लॉक क्षेत्र में कस्बे के अलावा इंगोहटा, छानी, पौथिया, हेलापुर (कुछेछा), पचखुरा बुजुर्ग और मुंडेरा में सहकारी समितियां संचालित हैं। इन समितियों के माध्यम से किसानों को खाद और बीज सहित अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। समिति कर्मचारी नियमित वेतन भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। गुरुवार को कर्मचारियों ने समितियों में ताला डालकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। इससे खाद लेने पहुंच रहे किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।