हमीरपुर। डीएम ने अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर बुधवार को निर्माणाधीन इमिलिया सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को तीन माह के अंदर कार्य पूरा कराए जाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सोमवार के अंक में अमर उजाला ने 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण अटका कॉलम से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेकर डीएम अशोक कुमार ने बुधवार को इमिलिया सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं पूर्णता की स्थिति का जायजा लिया।
19.28 करोड़ की लागत से निर्मित क्रिटिकल केयर यूनिट में दो ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंताओं ने उन्हें बताया कि परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फर्श, फॉल्स सीलिंग सहित अन्य फिनिशिंग कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। परियोजना को जनवरी तक पूर्ण करने का दावा किया।
अस्पताल की बाउंड्री कराएं दुरुस्त
मुस्करा। डीएम ने सीएचसी मुस्करा का भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने एमओआईसी डॉ. ब्रजेंद्र राजपूत को अस्पताल की टूटी बाउंड्री दुरुस्त कराने सहित सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परिसर के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए निर्देश दिए। (संवाद)