स्वच्छ भारत अभियान को पुलिस ही पलीता लगा रही हैं। लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए मौरंग नहीं मिल रही है। वहीं प्रशासन शौचालय निर्माण का दबाव बना रहा है।
जबकि प्रमुख सचिव ने शौचालय निर्माण के लिए लाभार्थियों को मौरंग लाने पर रोक नहीं लगाने को कहा है। लाभार्थी को मौरंग लाने पर पुलिस लाठियां खानी पड़ रही हैं। पिछले पांच दिनों के अंदर लाभार्थियों को दो बार पुलिस की जलालत झेलनी पड़ी है।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांवों में चयनित लाभार्थियों के यहां शौचालय का निर्माण होना है। शौचालय निर्माण की जरूरत को देखते हुए जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को साइकिल, रिक्शा व बैलगाड़ी में जरूरत के मुताबिक बेतवा नदी से मौरंग लाने का मौखिक आदेश प्रधानों को दे दिया है। पर पुलिस किसी की सुन नहीं रही है।
26 जुलाई को जलालपुर गांव के करीब 25 लाभार्थी बेतवा नदी से मौरंग लेने गए थे। तो यूपी 100 पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ दिया था। बाद में ग्रामीणों को पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ा। तब पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत करा दिया था। रविवार को मसीदन, खंडौत व जलालपुर गांव के करीब 45 ग्रामीण शौचालय के लिए बालू लेने बेतवा नदी में जनपद जालौन की सीमा से साइकिलों में रखकर बालू ला रहे थे।
तभी मौके पर पहुंचे जनपद जालौन के कदौरा थाने के थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने ग्रामीणों पर जमकर लाठियां भांजी। यहां तक कि सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान अरुण कुमार द्विवेदी व उसके भतीजे विनय को पुलिस थाने उठा ले गई। जिससे आक्रोशित आसपास के गांवों के लगभग 250 ग्रामीणों ने थाना कदौरा को घेर लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को भगाने के लिए लाठी लेकर खदेड़ा।
लेकिन ग्रामीणों के तेवर देखकर पुलिस बैकफुट पर आ गई और प्रधान सहित सभी को थाने से भगा दिया। प्रधान अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शौचालय निर्माण के लिए बेतवा नदी से बोरियों में मौरंग लाने के अनुमति जनपद के उच्चाधिकारियों ने दी है। लेकिन पुलिस इस बात को नहीं मान रही है। शौचालय का निर्माण अधर में लटका है।
जबकि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निर्माण कराने के लिए दबाव दिया जा रहा है। शीघ्र ही प्रधान संघ जिलाधिकारी से मिलकर इसका स्थाई समाधान निकलवाने का प्रयास करेगा। इस मामले में डीपीआरओ परवेज आलम का कहना है कि सोमवार को प्रमुख सचिव राजीव कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में स्पष्ट किया है कि शौचालय निर्माण के लाभार्थियों को मौरंग पर रोक नहीं लगाई जाए। कहा कि शौचालय निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाना है।