हमीरपुर। नाबालिग लड़की ने चतुर्थ श्रेणी कर्मी पर उसकी आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक नाबालिग ने जल संस्थान विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अब्दुल सलाम उर्फ आरिफ के खिलाफ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार शाम को कोतवाली पहुंचकर पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी दो वर्षों से उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म में वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। लोकलाज के भय से इस बात की जानकारी उसने परिजनों को नहीं दी। क्राइम इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी अब्दुल सलाम उर्फ आरिफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया है।