सरीला (हमीरपुर)। सिंचाई विभाग नहर की सफाई का 90 फीसदी काम पूरा होने का दावा कर रहा है लेकिन किसानों को गेहूं की बोआई के लिए पलेवा का पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों का आरोप है कि नहर की तलहटी में कई जगह अब भी सिल्ट और घास जमा है। पानी छोड़ने से ठीक पहले जेसीबी मशीनें चलाकर सफाई की औपचारिकता पूरी की जाती है। इससे सफाई की गुणवत्ता और बजट के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं।
कुंल्हेंडा से जलालपुर टेल तक नहर की लंबाई 57.6 किलोमीटर है। इसमें 30 किलोमीटर हिस्से की सिल्ट सफाई निर्धारित है। इटैलिया, पचखुरा, जलालपुर, पुरैनी, बरगवां, धौहल बुजुर्ग, बंगरा, ममना, खंडौत और हरसुंडी क्षेत्र के किसानों ने सफाई की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नियमित सफाई कराने के बजाय पानी छोड़ने के ठीक पहले दो-तीन दिन जेसीबी मशीनें चलवाई जाती हैं। इसके बाद मशीनों से काम कराते हुए तस्वीरें लेकर सफाई पूरी होने का दावा कर दिया जाता है।
किसानों ने जेई और संबंधित ठेकेदारों की मिलीभगत से सफाई के बजट में अनियमितता किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अब फिर नहर में पानी छोड़े जाने की तैयारी है। ऐसे में इस बार भी जेसीबी चलाकर सफाई की औपचारिकता पूरी किए जाने की आशंका है। किसानों ने कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और खर्च की गई धनराशि का सत्यापन कराने की मांग की है।
नहर में पानी नहीं पहुंचने से किसानों को निजी संसाधनों से सिंचाई करानी पड़ रही है। हरसुंडी निवासी किसान मुन्ना के 13 बीघा खेत नहर किनारे हैं। पानी नहीं मिलने पर उन्हें निजी नलकूप से पलेवा कराना पड़ रहा है। इसके लिए 400 रुपये प्रति बीघा खर्च करना पड़ रहा है।
किसान हरिमोहन बिरपाल के खेत के पास लगा सरकारी नलकूप भी खराब है। ऐसे में नहर से पानी नहीं मिलने के कारण उनकी गेहूं की बोआई प्रभावित हो रही है। धौहल के नरेश कुमार ने बताया कि नहर किनारे चार बीघा खेत हैं। पानी आने का इंतजार किया, लेकिन अब तक नहीं मिला। पलेवा के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। किसान हरीबाबू नहर में सफाई का काम ठीक से कराया जाना चाहिए, जिससे पानी खेतों तक पहुंच सके। किसानों को बोआई के समय पानी के लिए परेशान न होना पड़े।