मजरा शिवरामपुर में प्रधानमंत्री सड़क की खुदाई करती जेशीबी।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। नमामि गंगे मिशन योजना के तहत हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने पर काम काम चल रहा है। 2,465 किलो मीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी जा रही हैं। काम धीमी गति से चलने के कारण काफी समय से सड़कें खुदी पड़ी हैं। इस कारण इन रास्तों पर पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और बढ़ेगी।
नमामि गंगे परियोजना को रफ्तार धीमी होने से सैकड़ों गांवों के रास्ते गड्डों में तब्दील हो चुके हैं। कार्यदाई संस्था की लेट-लतीफी से रास्तों की समय से मरम्मत नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को समस्या हो रही है। कुरारा के हरौलीपुर गांव में यमुना नदी किनारे 242 करोड़ की लागत से बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से 268 किमी छोटी वितरण पाइप लाइन बिछाई जा रही है। वहीं 336.98 करोड़ की लागत से पत्योरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सुमेरपुर व मौदहा ब्लाक के 106 गांवों को पानी मुहैया कराया जाना है। इसके लिए 1215 किमी पाइप लाइन बिछाई जा रही है। शेष गांवों में नलकूप योजना के तहत 982 किमी पाइप लाइन बिछाई जा रही है।
पत्योरा निवासी सुनीता ने बताया कि खोदी गई सड़कें समय से न बनने के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्वयं ही सफाई करनी पड़ रही है। मजरा शिवरामपुर निवासी अशोक निषाद ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन इन रास्तों पर संबंधित ठेकेदार ने पाइप लाइन डालकर छोड़ दी है। इससे बारिश के दिनों में लोगों को मुसीबतों का सामना पड़ेगा।
पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है। अब तक 30 गांवों में खोदी गई सड़कें ठीक करा दी गईं हैं। 28 गांवों में काम चल रहा है।
-राजेश कुमार यादव, एडीएम नमामि गंगे मिशन