राठ एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सत्यपाल यादव व अन्य किसान। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। क्षेत्र के मुस्करा खुर्द में अन्ना जानवरों की धमाचौकड़ी से किसान परेशान हैं। वह अपनी फसलें नहीं बचा पा रहे है। सोमवार को सपा नेता सत्यपाल यादव के साथ किसान तहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन देकर गोशाला में तारबाड़ी कराने व जानवरों को बंद कराने की मांग की।
किसानों ने कहा अन्ना मवेशियों से फसल सुरक्षित कराने के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। अपनी फसलों की रखवाली के लिए किसान इस समय सर्द रातें खेतों पर काटने को मजबूर है। गांव के निर्दोष कुमार, कुंवरलाल, वीरसिंह, पूरनलाल, उदयभान, रमेशचंद्र, संतराम आदि किसानों ने बताया गोशाला में तारबाड़ी व बाउंड्री नहीं है। जिससे छुट्टा घूम रहे जानवर खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
रात भर खेतों में जागने के बावजूद मौका मिलते ही जानवर खेतों में घुस कर फसल नष्ट कर देते हैं। गोशाला में चारे की उचित व्यवस्था नहीं है। एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों ने अन्ना जानवरों से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। एसडीएम अशोक यादव ने बीडीओ को मामले में जांच व कार्रवाई की निर्देश दिए हैं।