हमीरपुर। कोविड-19 और संचारी रोगों पर रोकथाम के लिए की गई बंदी व व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने शहर व कुरारा कस्बे में भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान कुरारा बीडीओ के गैरहाजिर रहने पर डीएम ने स्पष्टीकरण मांगा है।
शहर भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी को तहसील तिराहे के पास बने कंटेनमेंट जोन के लोगों की चहल पहल पर नाराजगी जताई। बिना मास्क घूमने वालों से जुर्माना वसूलकर वाहन सीज किए जाने को कहा। रोडवेज बस स्टैंड में यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग किए जाने के निर्देश दिए। यहां डीएम ने खुद अपने तापमान की जांच कराई। इसके बाद कुरारा स्थित कोविड-1 हास्पिटल का निरीक्षण किया।
सीएचसी में 11 एक्टिव मरीज मिले। उन्होंने अस्पताल में खानपान, सफाई का जायजा लिया। किचन में पहुंचकर दाल, सब्जी की गुणवत्ता देखी। डीएम ने कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण कर कहा अभियान चलाकर एक दिन में 1500 सैंपल लिए जाएं। कहा सैंपल लेने से पूर्व संबंधित कर्मी पीपीई किट सहित अन्य सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से पहनें।
खंड विकास अधिकारी कुरारा बिना अनुमति के रविवार को अवकाश पर रहने पर स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव, सीएमओ डा. आरके सचान, अध्यक्ष नगर पंचायत श्रीकांत आदि रहे।
ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
हमीरपुर। ग्राम पंचायतों में चल रहे विशेष सफाई अभियान का जायजा लेने डीएम रविवार को कुरारा विकासखंड के सरसई गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया सफाई तो हो रही है, मगर फॉगिंग नहीं कराई जा रही। बताया पांच हैंडपंप एक माह खराब है। पौधरोपण कार्य भी अधूरा है। पौधे पंचायत भवन में ही जीर्णशीर्ण अवस्था में पड़े हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर कर ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया।
गांव के नोडल अधिकारी/एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। डीएम ने विधायक निधि से बन रही सड़क का जायजा लिया। सरसई से लौटते समय उन्होंने डामर गांव में लगे मौरंग डंप का निरीक्षण किया। डंप की गई मौरंग के संबंध में जानकारी लेकर खनिज विभाग से संबंधित एमएम/खनिज रॉयल्टी देखी। उन्होंने कहा भंडारित मौरंग को निर्धारित रेट पर बेचा जाए।