किसान मेले सम्मानित किए गए किसान प्रमाण पत्रों के साथ।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। बुंदेलखंड स्तरीय किसान मेले में सोमवार को सीडीओ आरके सिंह ने कहा कि सरकार आवारा पशुओं का प्रबंध करने को कटिबद्ध है, लेकिन किसानों को भी इस समस्या के समाधान के लिए आगे आना होगा। कहा किसान आमदनी बढ़ाने के लिए फसलों के साथ बाग भी लगाएं। वहीं विश्व दाल दिवस के मौके पर दलहन क्षेत्र में उल्लेखनीय उत्पादन करने वाले 15 किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किसान मेला और प्रदर्शनी में सीडीओ ने कहा कि बुंदेलखंड में पानी की कमी है। इसलिए किसान धान की खेती न करें। उन्होंने कठिया गेहूं की खेती करने और जैविक खेती को अपनाने को कहा। कृषि वैज्ञानिक डा. फूल कुमारी ने महिला किसानों को सलाह दी कि संतुलित आहार प्राप्त करने के लिए वह अपने घर के पास में पोषण वाटिका जरूर लगाएं।
ब्रह्मानंद कृषि महाविद्यालय के प्रसार वैज्ञानिक डा. एसएन कुशवाहा ने कहा किसान एफपीओ का गठन करें और उसके माध्यम से अपने उत्पादों का विक्रय करें। विधायक मनीषा अनुरागी ने किसान मेला में आह्वान करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टालों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही वैज्ञानिक और तकनीकी जानकारी का भरपूर उपयोग करें। उन्होंने दलहनी फसलों का उत्पादन अधिक से अधिक करने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने कहा इस तरह के किसान मेला का विधानसभा तथा तहसील वार आयोजन कराए जाने चाहिए।
जिससे दूरस्थ इलाकों के किसान इसका लाभ उठा सकें। किसान मेला में उप कृषि निदेशक जेएम श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी डा. सरस कुमार तिवारी, वैज्ञानिक डा. शालिनी, डा. एसपी सोनकर, कीट वैज्ञानिक डा. राम शुभम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, पशु चिकित्साधिकारी डा. राजेश कुमार, प्रगतिशील किसान रामकिशन राजपूत सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे।
किसान मेले में लगे स्टालों का निरीक्षण करती राठ विधायक मनीषा अनुरागी।- फोटो : HAMIRPUR