राठ अस्पताल में घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन।
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। कोतवाली क्षेत्र के उरई मार्ग पर रविवार रात करीब 9 बजे कुम्हरिया मोड़ पर अज्ञात वाहन ने पैदल सड़क पार कर रहे हार्डवेयर की दुकान में काम करने वाले युवक को रौंद डाला। जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के मसगांव निवासी कुलदीप (24) पुत्र जगभान अहिरवार की शादी बीते साल 27 फरवरी को हुई थी। रविवार रात वह अपने चचेरे भाई जितेंद्र पुत्र राकेश की बाइक खराब होने पर कुम्हरिया पैदल आया था। तभी सड़क पार करते समय राठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।
जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक कस्बे में हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था। इसकी शादी 27 फरवरी 2019 को धौहल बंगरा गांव में गायत्री देवी के साथ हुई थी। अचानक हुई इस घटना से पत्नी बदहवास है।
मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोग घायल
मौदहा। सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। कस्बा निवासी विकास (24) पुत्र रमेश, सुमेरपुर के बिलखेरा निवासी गुलाब (26) पुत्र रामकरन रविवार देर रात कुनेहटा मार्ग पर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे तभी कुनेहटा के पास सामने से आ रहा वाहन क्रास करते समय नीचे जा गिरी। जिससे दोनों सवार घायल हो गए। हिमौली निवासी असगर अली (25) पुत्र अकबर अली रात गांव जाते समय बाइक से गिरकर घायल हो गए। रोहारी निवासी रामनारायण (25) पुत्र जगदेव सड़क पार करते घायल हो गया। संवाद
हादसे में महिला समेत दो घायल
कुरारा। हमीरपुर-कालपी मार्ग पर बेरी तिराहा के पास आटो व वैन में आमने सामने भिड़ंत होने पर महिला व आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें यूपी 112 पुलिस कर्मियों ने सीएचसी में भर्ती कराया। आटो जालौन के परासन गांव जा रहा था। तभी कदौरा तरफ से आ रही वैन की भिड़ंत हो जाने से आटो में बैठी महिला सम्मो पत्नी सलीम व बालक मुन्ना पुत्र मंजीत निवासी परासन गंभीर रूप से घायल हो गए। संवाद
मृतक कुलदीप की फाइल फोटो।- फोटो : HAMIRPUR