सरीला/गोहांड। जरिया थाने के गोहांड कस्बे के इंटर कॉलेज में प्रैक्टिकल की परीक्षा देने आए छात्रों के दो गुट सोमवार को भिड़ गए थे। हवाई फायरिंग व पत्थरबाजी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने सात के विरुद्ध हत्या के प्रयास व बलवा का मामला दर्ज किया गया है।
सोमवार को कस्बा गोहांड के श्री गांधी इंटर कॉलेज में प्रयोगात्मक परीक्षा देने आया बरौली गांव का बॉबी राजपूत व अतरा गांव निवासी विशाल राजपूत पुराने विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए थे। इसी बीच कुछ छात्रों ने पत्थरबाजी की तो दूसरे पक्ष के छात्रों ने हवाई फायरिंग कर दी थी। जिससे भगदड़ मच गई। थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज ने बताया कि मामले में बॉबी की तहरीर पर पवन, अमित, अंशुल व सत्यम निवासी सिकरौधा विशाल, अशेंद्र व रोहित निवासी अतरा के विरुद्ध हत्या के प्रयास व बलवा का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।