महोबा। शहर के मार्बल व्यापारी को धमकाकर पांच लाख की रंगदारी मांगें जाने के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
नयापुरा नैकाना निवासी शिवकुमार गुप्ता मार्बल व्यापारी है। दो दिन पहले पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि एक अप्रैल को विवेक मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ दुकान आया और जान से मारने की धमकी दी। पांच लाख रुपये रंगदारी न मिलने पर दुकान में आग लगाने और हत्या करने की धमकी देते हुए चला गया। इससे पहले भी कई बार व्यापारी को धमकी दी जा चुकी है।
पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिससे परेशान पीड़ित ने परिवार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया था। जिसमें किसी भी समय उसकी व उसके परिवार के किसी भी सदस्य की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मंगलवार की देर रात आरोपी विवेक मिश्रा निवासी छजमनपुरा व एक अज्ञात के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी व रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।