हाइवे पर मुख्यालय के चौरादेवी मोड़ पर दो साइकिल सवारों को एक कार ने
टक्कर मार दी। इसमें युवक की मौके पर मौत हो गई और उसके मौसेरे भाई का 14
वर्षीय पुत्र घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक भागने में सफल रहा, जबकि कार की नंबर प्लेट साइकिल में फंस गई।
अकौसी का डेरा, सजेती कानपुर निवासी देवी प्रसाद ने बताया कि
उसका बेटा रामचंद्र (30) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। रामचंद्र
के दो पुत्र व एक पुत्री है। गुरुवार सुबह 10 बजे रामचंद्र अपने मौसेरे भाई
के लड़के नीरज (14) को साइकिल पर बैठाकर मुख्यालय आ रहा है।
बताया कि नीरज
को साइकिल खरीदवानी थी। बताया कि यमुना पुल स्थित चौरादेवी मोड़ के पास
जैसे ही उसने साइकिल मोड़ी तभी कानपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार ने
टक्कर मार दी। दुर्घटना में रामचंद्र उछलकर सड़क किनारे पड़े बोल्डर में जा
गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में नीरज गंभीर रूप से
घायल हुआ है।
पुलिस व राहगीरों ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में
भर्ती कराया। मृतक के पिता ने बताया कि दुर्घटना के समय कार की नंबर प्लेट
साइकिल में फंस गई जिसे कोतवाली पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। कार का
नंबर कानपुर का है। कोतवाल पीके यादव ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में
लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।