फोटो 03 एचएएमपी 26- पंधरी गांव में सड़क चौड़ीकरण में बाधा बने मकान को ढहाता बुलडोजर। संवाद
भरुआ सुमेरपुर। सुमेरपुर-बांदा स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे मकान के अतिक्रमण वाले हिस्से को मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ने बुलडोजर से ढहा दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार अजय कुमार मौजूद रहे। वहीं मकान मालिक ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसका मामला अदालत में विचाराधीन है। बिना किसी आदेश के मकान पर बुलडोजर चलाया गया है।
नायब तहसीलदार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से सुमेरपुर-बांदा स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। पंधरी गांव में सड़क की जद में आ रहे 60 से अधिक मकानों को जनवरी माह में चिह्नित किया गया था। इनमें एक मकान को छोड़कर सभी मकान मालिकों ने चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को स्वयं हटा लिया था। गांव निवासी मुन्नू लाल अपना अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से मकान मालिक को तीन बार नोटिस दिया गया था। उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। इसके लिए करीब तीन माह का समय भी दिया गया लेकिन उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने मकान के हिस्से को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सत्यपाल सहित पुलिस बल मौजूद रहा।