कैश की किल्लत से भड़के लोगों ने बुधवार को इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में जमकर बवाल किया। चैनल का ताला तोड़कर भीतर घुसे लोगों ने बैंक मैनेजर से अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। यूपीएस और बिजली के कनेक्शन काटकर केबिल ले गए।
बिजली के अभाव में सारा दिन बैंक का कामकाज ठप रहा। भीड़ का गुस्सा देख बैंक की सुरक्षा में तैनात एक सिपाही और होमगार्ड एक कोने में दुबके रहे। डरे सहमे बैंक कर्मियों ने पुलिस से मौखिक शिकायत तो की, पर कोई तहरीर नहीं दी है। ऐसे हालात में बैंक मैनेजर ने काम करने से साफ इनकार किया है। बैंकों से कैश न मिलने पर कुछ अन्य जिलों में भी बखेड़े हुए।
गहरौली गांव स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में तीन दिन से कैश नहीं आया है। इससे आधा दर्जन गांवों के खाताधारक परेशानी झेल रहे हैं। बुधवार को भीषण सर्दी व कोहरे के बीच सुबह आठ बजे से ही बैंक में लाइन लग गई। बैंक मैनेजर ने सुबह 11 बजे कैश न आने की सूचना देकर चैनल में ताला बंद कर दिया। सिर्फ पैसे जमा करने वाले भी भीतर जा पा रहे थे। यह देख पैसे निकालने की लाइन में लगे लोग भड़क गए और चैनल का ताला तोड़ अंदर घुस गए। वहां हंगामा करते हुए बैंक मैनेजर से गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
इस बीच कुछ लोगों ने बैंक में लगी बिजली केबिल व यूपीएस कनेक्शनों की केबिल काट डालीं और अपने साथ ले गए। बैंक मैनेजर किशनलाल यादव ने घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों सहित थाना पुलिस को दी है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि उच्चाधिकारियों से निरंतर मांग के बाद भी कैश कैश नहीं मिल रहा है। अधिकारियों को वह लिखकर देंगे कि जब तक शाखा में कैश नहीं भेजा जाता, वह बैंक शाखा नहीं जाएंगे। इसके लिए चाहे उन्हें अवकाश ही क्यों न लेना पड़े।
इस बाबत मुस्करा एसओ राजेश मिश्र ने बताया कि मैनेजर ने फोन पर घटना की जानकारी दी थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया था। बैंक की सुरक्षा में दो सिपाहियों को तैनात किया गया है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
कन्नौज में जसोदा की आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से बुधवार को पैसा न मिलने पर लोगों ने हंगामा किया। ग्राहकों ने बैंक मैनेजर पर परिचितों और कमीशन देने वालों को पैसा देने का आरोप लगाया। उधर समधन की आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में कैश न आने पर महिलाओं ने कुछ देर तक बैंक के सामने जाम लगाया। उन्होंने शाखा प्रबंधक पर चहेतों को नोट देने का आरोप लगाया है।
फतेहपुर में बुधवार को स्टेट बैंक पत्थरकटा शाखा में अंदर घुसने को लेकर उपभोक्ताओं और पुलिसकर्मियों में झड़प हो गई। करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। उधर, जाफरगंज में उत्तर प्रदेश पूर्वी बड़ौदा ग्रामीण बैंक में एक पखवारे से रुपये न आने पर बुधवार को खाताधारकों ने जमकर हंगामा किया। सहमे बैंक प्रबंधक व कर्मचारियों ने बैंक में ताला लगा दिया और बाहर बैठ गए। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया।
इसके बाद ही बैंक कर्मियों ने ताला खोलकर काम शुरू किया। खाताधारकों ने आरोप लगाया कि रुपया आने पर बड़े खाताधारकों को गुपचुप तरीके से भुगतान कर दिया जाता है। उधर, शाखा प्रबंधक आरके सिंह ने बताया कि उनकी शाखा में 22 हजार खाताधारक हैं। नोटबंदी के बाद से मात्र 14 लाख रुपये भेजा गया है। इसमें दो-दो हजार से सैकड़ों लोगों को वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि बराबर रुपये भेजने की मांग अधिकारियों से की जा रही है, लेकिन रुपया न आने से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।