फोटो 20 एचएएमपी 30 गोहांड में लोगों की मदद से तालाब से शव निकालते पुलिसकर्मी। संवाद
- पांच दिन से था लापता, झाड़ियों में मिला था ई रिक्शा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहांड। पांच दिन से लापता ई रिक्शा चालक का शुक्रवार सुबह कस्बे के बिरखुरा तालाब में शव उतराता मिला। शराब के नशे में तालाब में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पांच दिन पहले तालाब किनारे झाड़ियों में उसका रिक्शा मिला था।
कस्बे के कैलाश पटेल मोहल्ला निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई विपिन अहिरवार (25) ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। 16 नवंबर को रिक्शा लेकर घर से निकले भाई वापस घर नहीं पहुंचे। शाम को भाई का फोन आया कि वह बिरखुरा तालाब के पास हैं उन्हें आकर ले जाओ। बताया कि जब वह तालाब पर पहुंचे तो तालाब किनारे झाड़ियों के बीच ई रिक्शा खड़ा मिला। जबकि भाई का कोई पता नहीं चला। 17 नवंबर को उन्होंने जरिया थाने में गुमसुदगी दर्ज कराई थी। बताया कि शुक्रवार सुबह बिरखुरा तालाब में भाई का शव उतराता मिला। बताया कि भाई शराब का लती था। आशंका जताई कि शराब के नशे में तालाब में गिरने से भाई की मौत हुई है। रिक्शा चालक की मौत पर मां ममता, पत्नी खुशबू, बेटे रियांश व आर्यांश का रो रोकर बुरा हाल है। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण ज्ञात होगा।
फोटो 20 एचएएमपी 30 गोहांड में लोगों की मदद से तालाब से शव निकालते पुलिसकर्मी। संवाद