20 फोटो एचएएमपी 38 फाइल सुरेश। स्त्रोत परिजन
-खेत में पानी लगाकर बाइक से घर लौट रहे थे सुरेश
-अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
मौदहा (हमीरपुर)कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव में शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक किसान की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परछछ गांव निवासी सुरेश (55) पुत्र झंडू विश्वकर्मा शुक्रवार को खेत में पानी लगाकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी गांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश के मुंह में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे अनूप ने बताया कि पिता खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पास दो बीघा कृषि भूमि थी। परिवार में पत्नी ज्ञान देवी, तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे सुनील की शादी हो चुकी है और वह बाहर रहकर मजदूरी करता है। वहीं 21 वर्षीय अनूप और 18 वर्षीय बेटी यशोदा समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे।कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है l