मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव में रविवार को चंद्रावल नदी में नहाने के दौरान महिला और चार बच्चों के डूबने की घटना में लापता दोनों बच्चों के शव सोमवार को मिल गए। एक बच्ची का शव करीब 14 घंटे बाद घटनास्थल से छह किलोमीटर दूर ग्राम टोलामाफ में पुल के नीचे मिला जबकि बालक का शव करीब 22 घंटे बाद घटनास्थल के पास खिन्नी घाट में मिट्टी में दबा मिला। मासूमों के शव देखकर परिजन में चीखपुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे परछछ गांव निवासी नीलम अपने बच्चों खुशी और ताशी तथा गांव के अंश और अंशिका के साथ चंद्रावल नदी में नहाने गई थीं। नदी में तेज बहाव और गहराई की चपेट में आने से सभी डूबने लगे। शोर सुनकर ग्रामीणों ने नदी में उतरकर नीलम और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था लेकिन अंश और अंशिका तेज बहाव में बह गए थे। सूचना मिलते ही एसडीएम करनवीर सिंह, सीओ राजकुमार पांडेय और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। स्थानीय गोताखोरों के साथ दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई थी। हादसे के बाद से ही पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों ने नदी में तलाश शुरू कर दी थी। घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे और लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ को बुलाने की बात कही गई थी।
पुल के नीचे दिखाई दिया सिर
सोमवार सुबह गांव का रामेश्वर निषाद शौच के लिए टोलामाफ की ओर गया था। इसी दौरान उसे पुल के नीचे नदी में किसी व्यक्ति का सिर दिखाई दिया। संदेह होने पर रामेश्वर नदी में उतर गया और शव को बाहर निकाला। शव की पहचान अंशिका के रूप में होने पर उसने पुलिस और बच्ची के परिजन को सूचना दी। घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार मौके पर पहुंच गए। बच्ची का शव देखते ही परिजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
22 घंटे बाद मिला अंश का शव
अंश की तलाश में सोमवार को भी ग्रामीण और पुलिस नदी के आसपास लगातार खोजबीन कर रहे थे। करीब 22 घंटे बाद घटनास्थल के पास खिन्नी घाट में मिट्टी में दबा उसका शव ग्रामीणों को दिखाई दिया। शव बाहर निकाले जाने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद गांव में मातम छा गया।
परछछ गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद से परछछ गांव में मातम पसरा है। मृतक अंशिका दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटी थी। वही अंश दो भाई व एक बहन में मझला था। अंश आंगनबाड़ी में पढ़ता था जबकि अंशिका गांव में ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ती थी।
फोटो 21 एचएएमपी 10- मृतक अंशिका की फाइल फोटो। परिजन
फोटो 21 एचएएमपी 10- मृतक अंशिका की फाइल फोटो। परिजन