राठ (हमीरपुर)। सिर से चोटी कटवाने की बात कहते हुए तीन युवकों ने बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक के साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव में आए साथी को भी मारा पीटा। सहसंयोजक ने 36 हजार रुपये गिरने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के बहगांव गांव निवासी रामजी गुप्ता ने बताया कि वह बजरंग दल के प्रखंड सहसंयोजक कार्यकर्ता हैं। रविवार को गांव के जितेंद्र अहिरवार के साथ मजदूरों का रुपये देने के लिए जा रहे थे। गांव के बाहर निकलते ही गांव के प्रेमचंद यादव, महेश यादव और सुरेश यादव ने अपनी बाइक खड़ी कर रास्ता रोक लिया।
तीनों आरोपियों ने कहा कि तुम बजरंग दल में शामिल क्यों हो, अपनी चोटी कटवा लेना। बात न मानी तो गांव में रहने नहीं देंगे। विरोध बताने पर बाइक से खींचकर मारपीट कर दी। इससे वह चोटिल हो गए।
रामजी गुप्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान मजदूरों के लिए जेब में रखे 36 हजार रुपए भी कहीं गिर गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।