मुस्करा (हमीरपुर)। कस्बा मुस्करा से हमीरपुर सड़क पर शिव मंदिर के पास सोमवार रात करीब 9:50 बजे तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात तक दोनों युवकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यूपी-95 एई-2071 नंबर की हीरो राइडर बाइक पर सवार दो युवक मुस्करा से हमीरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिव मंदिर के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उमरी गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र रघुनाथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से किराना दुकान का सामान लेकर अपने गांव जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शिव मंदिर के पास पीछे से तेज आवाज सुनाई दी। ट्रैक्टर रोककर पीछे देखा तो बाइक ट्रॉली से टकराई हुई थी और दोनों युवक सड़क पर पड़े थे। सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी मुस्करा पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया कि ट्रॉली के पीछे न तो कोई लाइट लगी थी और न ही रिफ्लेक्टर लगा था, जिससे रात में पीछे से आ रहे वाहनों को ट्रॉली का अंदाजा लगाने में दिक्कत हो सकती है। थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घायल का उपचार चल रहा है। मृतक और घायल की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।
ब्लैक स्पॉट पर फिर हुआ हादसा
मंडी से लेकर पठन की पुलिया तक का हिस्सा दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। शिव मंदिर के पास इसी ब्लैक स्पॉट के बीच यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। रात में सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।