फोटो 28 एचएएमपी 33- बेतवा नदी के पुल की तैयार लेन पर सफाई करते श्रमिक। संवाद
हमीरपुर। कानपुर-सागर हाईवे (एनएच-34) पर जाम से राहत दिलाने के लिए बेतवा व यमुना नदी पर समानांतर पुलों का निर्माण जारी है। बेतवा पुल के एक लेन का ढांचा तैयार हो चुका है लेकिन 200 मीटर पहुंच मार्ग अभी अधूरा है। वहीं यमुना पुल पर करीब 50 मीटर पहुंच मार्ग और पुल का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कार्यदायी संस्था का कहना है कि यमुना पुल की एक लेन तैयार करने में लगभग 100 दिन लग सकते हैं।
बीते 27 सितंबर को डीएम अशोक कुमार ने दोनों पुलों का निरीक्षण किया था। उन्होंने नवंबर के अंत तक एक लेन चालू कराने के निर्देश दिए थे। करीब एक माह बाद भी पहुंच मार्ग का काम अभी आगे बढ़ता नहीं दिख रहा है। ऐसे में जनपदवासियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। संवाद न्यूज एजेंसी टीम ने बुधवार को पड़ताल की तो राठ-हमीरपुर की ओर कालौलीतीर की तरफ करीब एक किमी पहुंच मार्ग पर मिट्टी भराई का काम अधूरा है। वहीं कुरारा-हमीरपुर की ओर मुख्य सड़क से पुल तक करीब आधा किलोमीटर मार्ग अधूरा है। यहां मिट्टी भराई, लेवलिंग और सड़क निर्माण होना है।
इसके बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से बिटुमिन सड़क बनाने का काम भी किया जाना है। ऐसे में पुल का ढांचा तैयार होने के बावजूद पहुंच मार्ग के अभाव में आवागमन शुरू करना संभव नहीं है। बता दें कि रोहाइन नाला बाईपास परियोजना के तहत बेतवा और यमुना नदी पर दो-दो समानांतर पुल बनाए जा रहे हैं।
करीब 302.75 करोड़ रुपये की इस परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। बेतवा नदी पर एक लेन के सभी 13 स्पैन तैयार हो चुके हैं। एक्सपेंशन जॉइंट लगाने का काम भी पूरा होने का दावा किया जा रहा है लेकिन दोनों तरफ पहुंच मार्ग अधूरे होने से वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पा रही है।
फोटो 28 एचएएमपी 33- बेतवा नदी के पुल की तैयार लेन पर सफाई करते श्रमिक। संवाद