संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। 12,460 शिक्षक भर्ती में आवेदन के बाद सात वर्षों से चयन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने से उनके चेहरे खिल गए। बीते छह जनवरी को काउंसिलिंग के बाद सोमवार को 61 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र दिया गया। वहीं 20 अभ्यर्थियों से अभिलेख मांगे गए है। इनके मिलने पर उन्हें भी नियुक्तिपत्र दिया जाएगा।
वर्ष 2016 में 51 जिलों से 12460 शिक्षकों की भर्ती निकाली गई। जिन जनपदों से नियुक्ति नहीं निकाली गई वहां के अभ्यर्थी कोर्ट चले गए। इस कारण भर्ती पूर्ण नहीं हो सकी। शासन के निर्देश पर शुरू कराई गई भर्ती प्रक्रिया के तहत बीते छह जनवरी को रिक्त 88 पदों पर काउंसिलिंग कराई गई। इसमें चयनित 81 अभ्यर्थियों में सोमवार को 61 को बेसिक शिक्षा कार्यालय में नियुक्ति पत्र दिए गए। बीएसए ने बताया कि शेष अभ्यर्थियों को भी अभिलेख मिलने पर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शासन के निर्देशानुसार जल्द विद्यालयों को आवंटन कराया जाएगा।