कस्बे में वार्ड पांच संजय गांधी नगर में विध्यवासिनी मंदिर के पास प्रस्तावित पार्क को लेकर भाकियू भानू गुट ने विरोध तेज कर दिया है। यूनियन का अनशन जारी है।
सदस्याें का कहना है कि पार्क बनने से एक किसान के आवास का निकास प्रभावित होगा। यूनियन के जिलाध्यक्ष दुलीचंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में वार्ड नंबर पांच में विवादित स्थान पर नगर पंचायत द्वारा पार्क बनाए जाने के प्रस्ताव को लेकर एक नवंबर से धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया था। उन्होंने निर्माण रोके जाने की मांग की है।
इसके अलावा किसान यूनियन ने नगर की अन्य समस्याओं से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा है। इसमें विकास कार्य पूरे किए जाने, मुआवजे के बचे चेकों का वितरण करने और दरियापुर के भौकाल मौजा की बंधी पर अतिक्रमण करने वालाें के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।