राठ में खंभे पर चढ़कर जंफर काट रहे युवक को हाईटेंशन लाइन का करंट लगा और वह नीचे
गिर पड़ा। गंभीर हालत में लोग उसे अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो
चुकी थी। गुस्साएं ग्रामीणों ने पावर हाउस पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। वहां
मौजूद एसएसओ को धुन दिया। मृतक के भाई ने एसएसओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
है। लोगों का कहना था कि उन्होंने शटडाउन मांगा था लेकिन लाइन चालू होने
से यह हादसा हुआ।
कोतवाली के इटायल गांव में एक स्थान पर हाईटेंशन लाइन
के तार एक नीम के पेड़ के पास से गुजरे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हवा
चलने पर तार टकराने से अक्सर फाल्ट हो जाता है। रविवार को पेड़ की डाल
कटवाने के लिए ग्रामीणों ने पहरा गांव के प्राइवेट बिजली का काम करने वाले
हरीसिंह पुत्र रामकिशन को लाइन बंद कराने के लिए बुलाया।
दोपहर करीब 12 बजे
वह खंभे पर चढ़कर जंफर काटने लगा तभी उसे करंट लग गया। झटके से नीचे गिरे
युवक को लेकर लोग आनन-फानन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत
घोषित कर दिया। बेटे की मौत पर मां बिलखते हुए गिर-गिर पड रही थी। पिता
गुमसुम दिख रहे थे।
कोतवाली इंचार्ज रामपाल यादव ने बताया कि पीड़ित की
तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से गुस्साए ग्रामीण 33केवीए
पावर स्टेशन पहुंच गए। हंगामा करते हुए ड्यूटी पर तैनात एसएसओ उदयप्रताप को
धुन दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसएसओ को हिरासत में ले लिया। मृतक के
भाई जयसिंह ने आरोप लगाया कि उसके भाई ने 12 बजकर 2 मिनट पर एसएसओ से
शटडाउन मांगा था। इसके बाद हरी सिंह ने जैसे ही जंफर काटने की कोशिश की, वह
करंट की चपेट में आ गया।
वहीं एसएसओ उदय प्रताप प्रथम ने बताया कि दोपहर
12 बजे से क्षेत्र की बिजली बंद थी। करंट कैसे आया, मुझे नहीं पता। अवर
अभियंता भूप सिंह का भी कहना था कि रोस्टिंग के अनुसार गोहांड फीडर बंद था।
उन्होंने कहा कि फिलहाल वह मामले की जांच करा रहे हैं।